लखनऊ (14 मई 26)। उत्तर प्रदेश में कल भारी बारिश और तूफ़ान में सौ लोगों की मौत हो गई। पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, और राज्य भर में कई घरों को भी नुकसान हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौतों पर दुख जताया है और 24 घंटे के अंदर आर्थिक मदद देने का आदेश दिया है।
प्रयागराज में सबसे ज़्यादा 21 मौतें हुईं, जबकि भदोही में 18, मिर्ज़ापुर में 15, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में छह-छह, प्रतापगढ़ और बरेली में चार-चार, और सीतापुर, रायबरेली और चंदौली में दो-दो मौतें हुईं। कानपुर देहात, हरदोई और संभल से भी दो-दो मौतें हुई हैं; कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर में एक-एक की मौत हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर प्रभावितों को राहत देने के आदेश दिये हैं। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा बृहस्पतिवार को 'एक्स' पर किये गये पोस्ट के अनुसार 13 मई को खराब मौसम के कारण आंधी-तूफान, बारिश, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से प्रदेश में 89 लोगों की मौत हुई है। बयान के मुताबिक इन हादसों में 53 लोग घायल हुए, 87 मकान क्षतिग्रस्त हुए और 114 मवेशी मारे गए हैं। बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका संज्ञान लेते हुए सभी मण्डलायुक्तों तथा जिलाधिकारियों को आंधी तूफान के कारण हुए नुकसान का पूरी संवेदनशीलता के साथ सत्यापन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित परिवारों को सहायता धनराशि वितरित करने और प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद स्थापित कर अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।