नईदिल्ली (13 सितंबर 24)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता सीताराम येचुरी को अपना परम मित्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने कहा 'सीताराम येचुरी जी मित्र थे। हमारे देश की गहरी समझ रखने वाले भारत के विचार के संरक्षक। मैं हमारे बीच होने वाली लंबी चर्चाओं को याद करूंगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।'कांग्रेस ने अपने आधिकारिक पेज पर ट्वीट कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा 'माकपा के महासचिव और वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।'राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीताराम येचुरी के निधन पर दुख जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वे अपनी विचारधारा के प्रति बेहद निष्ठावान थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ माकपा नेता सीताराम येचुरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए इसे भारतीय राजनीति के लिए क्षति करार दिया।