लखनऊ (26 सितंबर 24)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून और व्यवस्था को बेहतर बनाया है। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए कानून और व्यवस्था से ज़्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की कार्यशैली के बीच तालमेल के कारण उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश' बन गया है। योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि चुनौतियों से घिरा उत्तर प्रदेश, आज प्रगति और विकास के प्रकाश स्तंभ में बदल गया है। धनखड़ ने कहा, ‘निवेश के लिए कानून और व्यवस्था से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। कानून और व्यवस्था लोकतंत्र को परिभाषित करती है और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानून और व्यवस्था को परिभाषित करते हैं।' उन्होंने कहा कि यही तालमेल 2047 तक देश को ‘विकसित भारत' बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' का उद्घाटन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' का आयोजन यहां 25 से 29 सितंबर तक किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतनराम मांझी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' में 80 से अधिक देश हिस्सा ले रहे हैं। इसमें भारत के साथ वियतनाम साझेदार देश के रूप में भाग लेगा।