Tuesday, 29 Sep 2026

योग के माध्यम से भारतीय संस्कृति की पताका लहराई: सीएम

उज्जैन (21 जून 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डोंगला अब नगरी के रूप में विकसित हो रही है। उज्जैन काल की नगरी है और प्राचीन काल में समय गणना का प्रमुख केंद्र रहा है, यह काल गणना के केंद्र में पुनः स्थापित होगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत के प्राचीन ज्ञान विज्ञान के वाहक योग के माध्यम से संपूर्ण विश्व में भारतीय संस्कृति की पताका लहरा दी है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन अनुसार आज की दुनिया युद्ध की नहीं अपितु अहिंसा और भगवान बुद्ध की दुनिया है। हमारी सनातन संस्कृति ताकत के प्रकटीकरण की जगह शिक्षा और विज्ञान से दुनिया के कल्याण की बात करती है। हजारों सालों से हमारे ऋषि मुनियों ने ध्यान से ज्ञान संकलित कर ज्ञान से विश्व कल्याण के कार्य किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को डोंगला स्थित वराहमिहिर खगोलीय वेधशाला में विद्यार्थियों से संवाद के दौरान यह बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज 11वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संपूर्ण विश्व के कोने-कोने में योग किया जा रहा है। योग के माध्यम से विश्व में व्यक्ति से व्यक्ति को जोड़कर शांति के द्वार प्रशस्त किये जा रहे हैं। पिछली कुछ सदियों में पश्चिम के विज्ञान को महत्व दिया गया, परन्तु 21वीं शताब्दी में भारतीय ज्ञान को महत्व दिया जा रहा है। कोविड के बाद से सभी को भारतीय संस्कृति के 'नमस्कार' की महत्ता समझ आई है। हमारा पुरातत्व ज्ञान सृष्टि के मूल्यवान वस्तुओं से भी ज्यादा बेशकीमती और महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रभारी मंत्री टेटवाल और सांसद फिरोजिया ने पौधा भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्‍ज्वलन किया और विद्यार्थियों से चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शाला में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और बैग वितरित किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संजय दुबे, महानिदेशक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद डॉ. अनिल कोठारी, वैज्ञानिक गंटी एस मूर्ति, डॉ अरविंद्र रानाडे, जनप्रतिनिधि राजेश धाकड़, बहादुर सिंह चौहान, संभागायुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे।  

Tags:

Follow us

This question is not available..!