उज्जैन (20 जुलाई 26)। पुरानी रंजिश में शनिवार रात नीलगंगा चौराहे पर भाजपा नेता दिलीपराव गोरकर (दिल्लू पहलवान) के दो भतीजों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिलीप और उनका बेटा तपन गंभीर घायल हैं। गोलियां चलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने एक आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर कर गिरफ्तार किया। वहीं चार अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है।
हत्या की घटना शनिवार रात हुई। नीलगंगा चौराहे पर दिलीप गोरकर के परिवार का मां हरसिद्धि दरबार रेस्टोरेंट हैं। दुकान पर उनका बेटा तपन, चचेरे भाई लोकेश और जीतेश पिता प्रदीप गोरकर के साथ बैठा था। इसी दौरान नीलगंगा जबरन कॉलोनी में रहने वाले पासी परिवार के लोग पहुंचे और हमला बोल दिया। ये लोग हथियारों से लैस थे। इनके पास पिस्तौल, तलवार, बका और चाकू थे। आते ही इन्होंने लोकेश, तपन और जीतेश पर वार करने शुरू कर दिए। इनकी चीखें सुनकर रेस्टोरेंट में ही मौजूद दिलीप गोरकर आए तो आरोपियों ने उनके सिर पर भी तलवार मार दी। सीने में गोली लगने से लोकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि जय उर्फ जीतेश, तपन और दिलीप गंभीर घायल हो गए। इन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान जय ने भी दम तोड़ दिया।
एक आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर- मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनके नाम नरेश, राकेश, बंटी, लोकेश और मंजू हैं। इनमें नरेश का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया। सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि अरोपी नरेश लाल पुल से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती किया है। राकेश, बंटी, लोकेश और मंजू को हिरासत में लिया गया है।