बेंगलुरु (28 सितंबर 26)। गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E 6542) के साथ केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक हादसा होने से टल गया। नागरिक उड्डयन सूत्रों के अनुसार, पहली बार में लैंडिंग न हो पाने के कारण विमान ने गो-अराउंड किया। इसके बाद जब विमान ने दोबारा उतरने की कोशिश की, तो लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान विमान का पिछला हिस्सा (टेल) रनवे से टकरा गया। हालांकि, विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई और सभी यात्रियों तथा चालक दल (क्रू) के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इंडिगो एयरलाइंस ने अपने बयान में बताया कि केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज और तूफानी हवाओं के बीच लैंडिंग के दौरान विमान ने रनवे के साथ 'असामान्य रनवे संपर्क' का अनुभव किया। घटना के तुरंत बाद विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है और उसकी रखरखाव व तकनीकी जांच की जा रही है। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि सभी आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन के लिए भेजा जाएगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी उन सभी परिस्थितियों की पड़ताल कर रहे हैं जिनके कारण यह टेल स्ट्राइक हुई।
सूत्रों के मुताबिक, इस घटना से हवाई अड्डे के सामान्य संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इसके साथ ही, यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए बेंगलुरु-कोयंबटूर रूट के अगले चरण की उड़ान के लिए तुरंत एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई। इंडिगो ने कहा कि मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और यात्रियों व क्रू की सुरक्षा एयरलाइंस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।