Saturday, 03 Oct 2026

राउत ने पुणे रेप केस की तुलना निर्भया कांड से की

मुंबई (27 फरवरी 25)। शिवसेना नेता संजय राउत ने पुणे में बस के अंदर एक महिला के साथ दुष्कर्म की तुलना 2012 में दिल्ली में हुई सामूहिक बलात्कार की घटना से की। साथ ही कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर जिला संरक्षक मंत्री अजित पवार पर निशाना साधा। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध में भारी वृद्धि हुई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आरोपी अब भी फरार है और उसे बख्शा नहीं जाएगा।

संजय राउत ने संवाददाताओं से कहा कि अगर राज्य में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी की सरकार होती तो भारतीय जनता पार्टी की महिला नेता अब तक राज्य मुख्यालय मंत्रालय के बाहर हंगामा कर रही होतीं। राउत ने महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता की भाजपा नीत सरकार की लाडकी बहिन योजना का जिक्र करते हुए पूछा, 'हर महीने 1,500 रुपए देकर क्या आपने महिलाओं का आत्मसम्मान खरीद लिया है?' उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जवाब मांगना चाहिए जो पुणे के संरक्षक मंत्री भी हैं। शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, 'यह दिल्ली के निर्भया कांड जैसा है। सौभाग्य से, महिला बच गई (इस मामले में)।' राउत ने कहा कि पुणे में गैंगस्टरों को कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि गृह विभाग का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों और राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए किया जा रहा है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!