इंदौर (06 सितंबर 26)। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के 'घंटा' वाले बयान पर राजनीति गरमा गई है। इंदौर पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने विजयवर्गीय के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी के आने से भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला, बल्कि 'घंटा' फायदा होगा। उन्होंने मंत्री को सलाह देते हुए कहा कि बोलने से पहले अपने गिरेबान में झांककर देखें और भागीरथपुरा कांड से सबक लें।
दरअसल, इंदौर में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर चुटकी लेते हुए कहा था कि 'राहुल गांधी के मध्य प्रदेश आने से भाजपा को 'घंटा' नुकसान नहीं होगा, बल्कि उनकी मौजूदगी से तो भाजपा को फायदा ही होता है।' इसी बयान को लेकर अब कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाए हुए है। राजनीतिक बयानबाजी के बीच नेहरू स्टेडियम में 12 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम अनुमति न मिलने के कारण स्थगित करना पड़ा है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने हाईकोर्ट के पुराने आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि स्टेडियम का उपयोग केवल खेल गतिविधियों, स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के शासकीय कार्यक्रमों के लिए ही किया जा सकता है।
हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने इस तर्क पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसी नेहरू स्टेडियम में 8 फरवरी 2026 को भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के 'यूथ वॉक 2026' कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। अनुमति न मिलने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम की नई तिथि 19 सितंबर तय की है।
भाजपा सरकार डरी हुई है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार का आयोजन है। छात्रों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखकर भाजपा सरकार डरी हुई है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले सरकार की बौखलाहट साफ नजर आ रही है और एनएसयूआई कार्यकतार्ओं की आवाज दबाने के लिए प्रदेशभर में झूठी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि पहले कार्यक्रम में 50 हजार युवाओं को जुटाने का लक्ष्य था, लेकिन अब तैयारी के लिए ज्यादा समय मिलने के कारण 1 लाख छात्रों को शामिल किया जाएगा। कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने दावा किया कि अब तक 20 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और भाजपा द्वारा रोड़े अटकाने से युवाओं की भागीदारी और अधिक बढ़ेगी।