Saturday, 03 Oct 2026

राघव चड्ढा 'अच्छे सांसद': मनोहरलाल खट्टर

करनाल (05 अप्रैल 26)। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा के 'घायल हूँ इसलिए घातक हूँ' वाले बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने राघव चड्ढा की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक 'कुशल सांसद' बताया, लेकिन साथ ही आम आदमी पार्टी के आंतरिक कामकाज और सांगठनिक ढांचे पर तीखे सवाल भी खड़े किए।

मनोहर लाल ने कहा कि राघव चड्ढा संसद में विषयों को बेहद प्रभावी और अच्छे तरीके से रखते हैं। उन्होंने कहा, 'एक सांसद के नाते हम उनकी बातों को सुनते हैं और विपक्षी दल के तौर पर उन्हें अपनी विचारधारा रखने का पूरा अधिकार है।' हालांकि, उन्होंने आप के अंदरूनी विवादों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टियों के भीतर 'डेमोक्रेसी' (लोकतंत्र) होनी चाहिए। मनोहर लाल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियों में दूसरे नेताओं को उभरने का मौका नहीं दिया जाता।

केंद्रीय मंत्री ने आम आदमी पार्टी के मौजूदा हालात पर बोलते हुए कहा कि दिल्ली और पंजाब में सत्ता संभाल रही इस पार्टी के कई बड़े नेता अब साथ छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'सुनने में आता है कि उस पार्टी में केवल एक ही व्यक्ति की मनमानी चलती है। यदि कोई अपने स्वतंत्र विचार रखता है, तो उसे सहन नहीं किया जाता। राघव चड्ढा के साथ क्या हो रहा है, यह उनका अंदरूनी मामला है, लेकिन आंतरिक विवाद किसी भी पार्टी के लिए घातक होते हैं।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!