राजगढ़ (17 मार्च 25)। डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राजगढ़ में लगभग 500 करोड़ के निवेश से विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयाँ स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में राजधानी भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्रदेश में 30 लाख करोड़ रूपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे प्रदेश का प्रत्येक अंचल लाभान्वित होगा। स्कूलों में शिक्षकों के पदों सहित पुलिसकर्मियों के रिक्त पदों की पूर्ति की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजगढ़ जिला अस्पताल के बाद शीघ्र मेडिकल कॉलेज की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि पौने तीन सौ किलोमीटर लंबी रामगंज मंडी से भोपाल तक की रेल लाइन की सौगात इस क्षेत्र को मिल रही है। विकास का कारवां निरंतर चलता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, खाद्य प्र-संस्कृत इकाई योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को राजगढ़ में शौर्य स्मारक जिला अस्पताल के लोकार्पण और रैन बसेरा भवन, नए विद्यालय भवन और विधि महाविद्यालय के भूमि-पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना योजना, उज्जवला रसोई गैस योजना, नि:शुल्क अन्न वितरण सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक क्षेत्र में विकास का यज्ञ चल रहा है। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हेलीपेड प्रारंभ किए जाएंगे।मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष चन्दर सिंह सौंधिया, विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव, विधायक खिलचीपुर हजारीलाल दांगी, विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा, दिशा के सदस्य ज्ञानसिंह गुर्जर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।