Wednesday, 30 Sep 2026

राजस्थान को मिला एक और वंदे भारत ट्रेन का तोहफा

नईदिल्ली (21 अगस्त 25)। राजस्थान को एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल गई है। यह नई ट्रेन जोधपुर से राजधानी दिल्ली के लिए चलाई जाएगी, जो प्रदेश की राजधानी जयपुर के रास्ते होकर गुजरेगी। इस बहुप्रतीक्षित ट्रेन की मंजूरी की जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर दी है। गजेंद्र सिंह शेखावत ने हाल ही में रेल मंत्री से इस ट्रेन के संचालन की मांग की थी। मंजूरी मिलने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए लिखा, 'रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी ने अवगत कराया है कि 'जोधपुर से दिल्ली' के लिए नई वंदे भारत ट्रेन के परिचालन को स्वीकृति मिल गई है, जो जयपुर से होकर जाएगी। यह निर्णय इस रूट के यात्रियों के लिए निश्चय ही एक अति-महत्वपूर्ण सौगात है।' उन्होंने आगे कहा कि यह ट्रेन यात्रा को नई गति, आधुनिक सुविधा, आराम और समय की बचत सुनिश्चित करेगी। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, 'हाल ही में मैंने इस विषय पर रेल मंत्री जी को पत्र सौंपकर अनुरोध किया था। इतनी शीघ्रता से वंदे भारत को स्वीकृति मिलना, उनके जनहित के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।' उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री वैष्णव का कोटि-कोटि आभार भी जताया। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!