जयपुर (13 नवंबर 24)। राजस्थान के देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एक विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल, देवली-उनियारा सीट पर मतदान के दौरान प्रदेश की राजनीति उस वक्त गर्मा गई, जब नरेश मीणा ने चुनाव ड्यूटी पर तैनात एसडीएम अमित चौधरी (उपविभागीय मजिस्ट्रेट) को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। इस घटना ने पूरे प्रदेश की राजनीति को हिला कर रख दिया है। इस पूरी घटना के बाद प्रदेश में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ऐसी कौनसी बात हो गई जो नरेश मीणा को एक ऑफिसर को थप्पड़ मारना पड़ा। जानकारी के मुताबिक चुनाव ड्यूटी पर तैनात एसडीएम (उपविभागीय मजिस्ट्रेट) को कथित तौर पर थप्पड़ मारने की घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में नरेश मीणा एक ऑफिसर को थप्पड़ मारते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए समझाइश का प्रयास किया। वहीं मौके पर एसपी विकास कुमार ने भी नरेश मीणा से समझाइश का प्रयास किया। लेकिन नरेश मीणा ने एक नहीं मानी और अपने समर्थकों के साथ ही मौके पर धरने पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे।