Tuesday, 06 Oct 2026

राजस्थान में BSF ने पाक रेंजर को किया अरेस्ट

श्रीगंगानगर (04 मई 25)। भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बड़ी सफलता हासिल की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, BSF ने एक पाकिस्तानी रेंजर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी रेंजर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। वह बॉर्डर क्रॉस कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, तभी सतर्क BSF जवानों ने उसे पकड़ लियान हालांकि इस बारे में किसी भी अफसर ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है, लेकिन स्‍थानीय सोशल मीडिया सर्किट में इसको लेकर तमाम चर्चाएं सामने आई हैं।

सूत्रों के अनुसार, यह पाकिस्तानी रेंजर संदिग्ध परिस्थितियों में भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी मंशा स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन इस घुसपैठ को भारत के खिलाफ किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। BSF ने रेंजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह किस मकसद से सीमा पार कर रहा था-क्या वह केवल भटक गया था या इसके पीछे कोई बड़ी योजना थी। इस घटना को पाकिस्तान के खिलाफ भारत की एक निर्णायक जवाबी कार्रवाई के रूप में भी देखा जा रहा है, खासकर जब सीमावर्ती इलाकों में हाल के महीनों में संदिग्ध गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है। घटना के बाद श्रीगंगानगर और आस-पास के बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है। BSF की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की किसी और घुसपैठ को रोका जा सके।


Tags:

Follow us

This question is not available..!