भोपाल (30 जनवरी 25)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में बुधवार को “बीटिंग द रिट्रीट’’ समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की सम्पन्नता के साथ ही गणतंत्र दिवस के आयोजन पूर्ण हुए। समारोह जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में आयोजित हुआ। राज्यपाल के समक्ष कार्यक्रम में कुल 33 संगीत रचनाओं को प्रस्तुत किया गया। बैंड कॉन्सर्ट में 12 एवं बैंड डिस्प्ले में 21 संगीतमय प्रस्तुतियां दी गईं। संयम, अनुशासन और एकरूपता बैंड प्रस्तुतियों का मुख्य आकर्षण रहा।
बीटिंग द रिट्रीट समारोह में प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के. सी. गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी और आमंत्रित अतिथि उपस्थित थे। राज्यपाल पटेल के 'बीटिंग द रिट्रीट' समारोह में आगमन पर पुलिस ब्रास बैंड ने धुन बजाकर स्वागत किया। पुलिस ब्रास बैंड कॉन्सर्ट में देशभक्ति गीतों और फिल्मी गीतों की शानदार धुनें प्रस्तुत की गईं। निरीक्षक सुनील कटारे के नेतृत्व में 'राग यमन' से शुरू हुआ धुनों का यह कारवां 'ऐ वतन वतन मेरे', 'पुकारता चला हूं मैं', 'ये शाम मस्तानी', 'तेरी मिट्टी', 'छूकर मेरे मन को', 'ये रात भीगी भीगी' और 'यारी है ईमान मेरा' गीतों की धुनों के साथ आगे बढ़ा। इस दौरान एक से बढ़कर एक संगीतमय प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को आनंदित कर दिया। कॉन्सर्ट के अंतिम चरण में जैसे ही 'जय हो' गीत की धुन पुलिस ब्रास बैंड ने बजाई तो तालियों की गड़गड़ाहट से सारा स्टेडियम गूंज उठा।