गाजियाबाद (06 अक्टूबर 26)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर में सोमवार सुबह रावण के पुतले में पटाखे भरते समय हुए विस्फोट में पांच लोग घायल हो गए। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, लाजपत नगर में शनि चौक स्थित रामलीला मैदान के पीछे बने सामुदायिक केंद्र में रावण के पुतले में पटाखे भरने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद सामुदायिक केंद्र के बड़े हॉल में आग लग गई। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सौरभ कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:26 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद के नियंत्रण कक्ष को रामलीला मैदान स्थित पटाखों की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना किया गया। कुमार ने बताया कि दमकल की टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि आग किसी पटाखे की दुकान में नहीं, बल्कि रामलीला मैदान के पीछे स्थित सामुदायिक केंद्र के एक बड़े हॉल में लगी थी। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही देर में उस पर काबू पा लिया। इसके बाद टीम ने हॉल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि हॉल में रामलीला कार्यक्रम के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था और उसमें पटाखे भरने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट होने से आग लग गई। धमाके की वजह से सामुदायिक केंद्र भवन की दो दीवारें भी गिर गईं।
साहिबाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमित सक्सेना ने बताया कि हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दो घायलों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन घायलों को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से मामले की जांच की जा रही है।