पेरिस (14 दिसंबर 24)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को फ्रांस्वा बायरू को प्रधानमंत्री के रूप में नामित किया। फ्रांस के दक्षिणपंथी और वामपंथी सांसदों ने पिछले सप्ताह ऐतिहासिक अविश्वास प्रस्ताव पर एक साथ मिलकर मतदान किया था, जिसके कारण प्रधानमंत्री माइकल बार्नियर और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को इस्तीफा देना पड़ा था। मैक्रों के मध्यमार्गी गठबंधन में महत्वपूर्ण साझेदार 73 वर्षीय बायरू दशकों से फ्रांसीसी राजनीति में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति रहे हैं। उनके राजनीतिक अनुभव को देश में स्थिरता बहाल करने के प्रयासों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नेशनल असेंबली में किसी भी एक पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। बायरू को हाल में यूरोपीय संसद के धन के गबन के आरोप वाले मामले में बरी कर दिया गया था। बायरू फ्रांसीसी जनता के बीच तब लोकप्रिय हुए, जब वह 1993 से 1997 तक सरकार में शिक्षा मंत्री रहे थे। वह तीन बार 2002, 2007 और 2012 में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रहे थे।