Thursday, 01 Oct 2026

राष्ट्रीय हित के मुद्दे पर राहुल राजनीति न करें: राजनाथ

नईदिल्ली (05 फरवरी 25)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत-चीन सीमा पर स्थिति को लेकर सेना प्रमुख के बयान के बारे में ‘झूठे दावे' करने का आरोप लगाया। सिंह ने ‘एक्स' पर कहा, ‘राहुल गांधी ने सेना प्रमुख का हवाला देते हुए जो शब्द कहे हैं, वह उन्होंने कभी नहीं कहे। यह बहुत अफसोस की बात है कि राहुल गांधी राष्ट्रीय हित के मामलों पर गैरजिम्मेदार राजनीति में लिप्त हैं।'

सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया था कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इससे इनकार किया है। गांधी ने कहा था कि सेना प्रधानमंत्री की राय से असहमत है। गांधी के दावों पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध किया। गांधी ने कहा था, ‘प्रधानमंत्री ने इस बात से इनकार किया है कि चीनी सेना हमारे क्षेत्र में घुसी है, लेकिन किसी कारणवश हमारी सेना चीनियों से हमारे क्षेत्र में उनके प्रवेश के बारे में बात करती रहती है और हमारे सेना प्रमुख ने कहा है कि चीनी हमारे क्षेत्र में घुसे हुए हैं।'

राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि ये ‘झूठे' दावे हैं। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी ने तीन फरवरी को संसद में अपने भाषण में भारत-चीन सीमा पर स्थिति को लेकर सेना प्रमुख के बयान के बारे में झूठे आरोप लगाए।' भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि सेना प्रमुख की टिप्पणी केवल दोनों पक्षों द्वारा पारंपरिक गश्त में व्यवधान का संदर्भ देती है। सिंह ने कहा कि उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल में सेना को पीछे हटाने की प्रक्रिया के तहत इन गतिविधियों को उनके पारंपरिक स्वरूप में बहाल कर दिया गया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने संसद में इन विवरणों को साझा किया है। उन्होंने कहा कि अगर चीन ने भारत के किसी क्षेत्र पर कब्जा किया है तो वह 1962 के युद्ध के परिणामस्वरूप अक्साई चिन में 38,000 वर्ग किलोमीटर और 1963 में पाकिस्तान द्वारा चीन को अवैध रूप से दिया गया 5,180 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र है। उन वर्षों में कांग्रेस सत्ता में थी। सिंह ने कहा, ‘राहुल गांधी को हमारे इतिहास के इस चरण पर आत्मविश्लेषण करना चाहिए।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!