Monday, 28 Sep 2026

राहुल-अखिलेश की रैली में भीड़ बेकाबू,बिना बोले निकले दोनों नेता

फूलपुर (19 मई 24)। फूलपुर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य के समर्थन में रविवार को आयोजित एक संयुक्त रैली के दौरान मंच पर भारी अव्यवस्था की वजह से पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिना भाषण दिए ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में पड़िला महादेव में आयोजित इस रैली में अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनों मौजूद थे, लेकिन दोनों ने ही सभा को संबोधित नहीं किया।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में लगी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता अवरोधक तोड़कर धक्का-मुक्की करते हुए मंच पर चढ़ गए, जिससे मंच पर जगह अव्यवस्था फैल गई और दोनों नेता बिना संबोधन के लौट गए।

हालांकि, फूलपुर से सपा प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य ने रैली में अखिलेश और राहुल का भाषण नहीं होने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने यहां जॉर्जटाउन में पार्टी कार्यालय में कहा, ‘फूलपुर की रैली में अभूतपूर्व भीड़ थी, जिसका अंदाजा जिला प्रशासन और पुलिस को था। इसके बावजूद पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती नहीं की गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।'

मौर्य ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभाओं में अधिक संख्या में पुलिस बल भेज दिए थे। ‘इंडिया' ने इलाहाबाद सीट कांग्रेस को दी है, जहां से उज्ज्वल रमण सिंह प्रत्याशी हैं। फूलपुर सीट से सपा ने अपने प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य को खड़ा किया है। रविवार को ‘इंडिया' की दो रैलियां प्रस्तावित थीं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!