नईदिल्ली (12 नवंबर 24)। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर निशाना साधने से नहीं चूक रही हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी ने महाराष्ट्र में चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जनसभा में झूठ बोलने और बीजेपी पर बेबुनियाद आरोप लगाकर बदनाम करने की शिकायत चुनाव आयोग से की है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि चुनावी रैलियों में राहुल गांधी बीजेपी पर बेबुनियाद आरोप लगाते रहे हैं। वह बार-बार संविधान खत्म करने को लेकर बीजेपी पर हमलावर हैं, जो बिलकुल आधारहीन है। बीजेपी ने चुनाव आयोग से ये भी मांग की है कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया जाए।
राहुल गांधी ने चुनावी सभाओं में बीजेपी पर नौकरियों में एससी, एसटी के लोगों को आरक्षण न दिए जाने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने आपके बयान में कहा था कि तमाम उद्योगों और नौकरियों में देखें तो वहां पर एससी- एसटी समुदाय के लोग नजर नहीं आते, अल्पसंख्यक समुदाय के लोग नजर नहीं आते और गरीब तबके से आने वाले लोगों को भी जगह नहीं मिलती। बीजेपी ने अपनी शिकायत में राहुल गांधी के उस बयान का भी ज़िक्र किया जिसमें राहुल गांधी ने कहा था कि अगर आपको कहीं नौकरी पानी है तो RSS की मेंबरशिप ले लीजिए तो आपको कहीं पर भी नौकरी मिल जाएगी। वहां पर यह भी नहीं देखा जाएगा की आपकी योग्यता क्या है या आपको क्या कुछ आता है या नहीं आता। चुनाव आयोग को दी गई शिकायत में बीजेपी ने राहुल गांधी के तमाम उद्योगों को महाराष्ट्र से निकलकर गुजरात ले जाने वाले बयान पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा था 'जिन फैक्ट्री में युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था वह आपसे छीन लिए गए, आपकी जमीन है आपसे छीनी जा रही है।'