Tuesday, 29 Sep 2026

राहुल को हिन्दू विरोधी बताने वाले यूट्यूबर अजीत भारती को नोटिस

बेंगलुरु (20 जून 24)। अयोध्या में राम मंदिर के बारे में कथित तौर पर झूठी खबर फैलाने के आरोप में नोएडा स्थित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अजीत भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ दिनों बाद, बेंगलुरु पुलिस ने बृहस्पतिवार को उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। 

अजीत भारती ने अपने आधिकारिक ‘एक्स' हैंडल पर 13 जून को एक वीडियो साझा किया, जिसमें यूट्यूबर ने झूठा दावा किया था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने भाषणों में कहा था कि उनका इरादा राम मंदिर के स्थान पर बाबरी मस्जिद लाने का है। शिकायतकर्ता ने कहा, ‘यह पूरी तरह से झूठ है और (राहुल) गांधी के बयानों को गलत तरीके से पेश किया गया है। राहुल गांधी ने अपने किसी भी भाषण में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।' 

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया, ‘बेंगलुरू से तीन सदस्यीय पुलिस दल भारती के खिलाफ दर्ज मामले के संबंध में जांच में शामिल होने के लिए उन्हें नोटिस देने नोएडा स्थित उनके आवास पर गया था।' एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कानूनी प्रकोष्ठ के सचिव एवं अधिवक्ता बी के बोपन्ना की ओर से दायर शिकायत के आधार पर, भारती के खिलाफ 15 जून को भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए और 505 (2) के तहत हाई ग्राउंड्स पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

Tags:

Follow us

This question is not available..!