Saturday, 03 Oct 2026

राहुल गांधी का सिपाही हूं, डरूंगा नहीं: पवन खेड़ा

नईदिल्ली (09 अप्रैल 26)। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके परिवार के खिलाफ विदेश में संपत्ति होने से संबंधित नए आरोप लगाए और कहा कि वह राहुल गांधी के सिपाही हैं और बिना डरे सवाल पूछते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस द्वारा जारी एक वीडियो में यह भी कहा कि 'अपशब्द' बोलने और पुलिस से पीछा करवाने के बजाय शर्मा को कांग्रेस द्वारा पूछे जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। 

कांग्रेस ने कहा कि खेड़ा का वीडियो किसी 'अज्ञात स्थान' से रिकॉर्ड किया गया है। असम पुलिस की एक टीम मंगलवार को दिल्ली में खेड़ा के आवास पर उनसे पूछताछ के लिए पहुंची थी और तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी द्वारा खेड़ा के आरोपों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पर की गई। खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर तीन पासपोर्ट और अघोषित संपत्ति रखने का आरोप लगाया था। खेड़ा ने बुधवार को कांग्रेस द्वारा जारी वीडियो में कहा, 'आप देख रहे हैं कि असम के मुख्यमंत्री तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। मेरे फ्लैट पर कल 100 पुलिस वाले पहुंचे थे और मेरे इलेक्ट्रॉनिक गजट लेकर चले गए।' उनका दावा है, 'मैं जहां भी जाता हूं या इनको लगता है कि मैं गया हुआ हूं, वहां ये पुलिस भेज रहे हैं। क्यों? कांग्रेस ने सवाल ही तो उठाए हैं, आप कांग्रेस और मुझे चुप क्यों करना चाहते हैं? आप जवाब देने की बजाय सबको गाली दे रहे हैं और पीछे पुलिस छोड़ रहे हैं।' 

खेड़ा ने कहा, 'आपकी आदत डराने की हो सकती है, हमारी आदत डरने की नहीं हैं। कारण यह है कि मैं मेवाड़ का हूं, कांग्रेसी हूं, राहुल गांधी का सिपाही हूं। मैं नहीं डरूंगा नहीं, लेकिन मुझे सवाल पूछते रहना है, तो आपकी पुलिस को जरूर 'अवाइड (बचना)' कर रहा हूं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ शर्मा की विवादित टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा, 'जिनका (खरगे) राजनीतिक अनुभव आपकी उम्र से ज्यादा है आप उनके बारे में अपशब्द बोलते हैं...यह असम की संस्कृति नहीं है।' उन्होंने कुछ कागजात दिखाते हुए कहा कि मिस्र के पासपोर्ट, एंटिगुआ-बारबाडोस के पासपोर्ट और यूएई के गोल्डन वीजा की बात सही है या गलत, इसकी जांच होनी चाहिए।

Tags:

Follow us

This question is not available..!