सुल्तानपुर (02 सितंबर 24)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने मित्र रामचेत मोची के लिए उपयोगी कई सामन गिफ्ट किया है। जिले के कूरेभार ब्लॉक अंतर्गत विधायक नगर चौराहे पर लकड़ी की गुमटी में रामचेत मोची की दुकान है। यहां दोपहर करीब दो बजे एक चार पहिया वाहन आकर यहां रुका, तीन लोग उस पर से उतरे। उन्होंने बताया कि हम राहुल गांधी की टीम के सदस्य हैं, आपके भईया ने आपके लिए कुछ सामान भेजे हैं। इसके बाद गाड़ी खोलकर उन लोगों ने रामचैत को सामान दिखाया, जिसे देखकर उसके चेहरे पर मुस्कान बिखर गई। रामचेत ने बताया कि गाड़ी पर लगभग 50 हजार रूपये से अधिक का सामान आया था। इसमें पफ चमड़ा (नंबर वन) जो फस्ट क्वॉलिटी का है वो लदा था। इसके अतिरिक्त रिपीट, सिलाई का सामान, सोल और पैताबा आया है। हम इससे लेडीज व जेंट्स दोनों के चप्पल-जूते तैयार कर सकते हैं। रामचेत ने बताया कि कुल चार कार्टून माल राहुल भईया ने भेजा है। गौरतलब है कि बीते 26 जुलाई को राम चैत तब खास व्यक्ति हो गए जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का काफ़िला उनकी दुकान पर रुक गया था। एमपी एमएलए कोर्ट पर पेशी से लौटते हुए राहुल गांधी ने रुककर रामचैत मोची से न केवल भेंट की थी बल्कि यहां एक चप्पल की सिलाई व एक जूता चिपकाया था। अगले ही दिन से इस जूते चप्पल की क़ीमत लाखों में लगने लगी थी लेकिन राम चैत ने इसे बेचने से मना कर दिया था। यही नहीं राहुल ने रामचैत की आर्थिक व पारिवारिक स्थिति की जानकारी लेने के बाद उन्हें एक सिलाई मशीन भेजी थी, जिसके बाद राम चैत ने राहुल को दो जूते अपने हाथो से तैयार कर गिफ्ट किए थे।