भोपाल (03 जून 25)। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सुबह अपने एकदिवसीय प्रवास पर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे। राहुल गांधी दिल्ली से विमान से भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचे। विमानतल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ वरिष्ठ नेता अरुण यादव और पीसी शर्मा भी मौजूद रहे। अरुण यादव और अन्य कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत करते हुए तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की उत्साह और गर्मजोशी साफ देखी जा सकती है। वहां से वे सड़क मार्ग से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के लिए रवाना हुए। राहुल गांधी ने भोपाल में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कर पार्टी के संगठन सृजन अभियान की भी शुरुआत की।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सुबह भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंचे। जहां कांग्रेस नेताओं ने उनका राहुल गांधी का अनोखा स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का ऊंट और घोड़ों से स्वागत किया। इसके साथ ही पूर्व किसान कांग्रेस अध्यक्ष और मुरैना से विधायक दिनेश गुर्जर के नेतृत्व में किसानों ने ज़ोरदार स्वागत किया। इस अनोखे स्वागत को देखकर राहुल गांधी भी गदगद नजर आए। एयरपोर्ट से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय जाते हुए रास्ते में कमला पार्क पर किसानों का बड़ा हुजूम उनको देखने एवं स्वागत के लिए आतुर था। किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी जाए इसके लिए कानून बनाने और उनकी बात संसद में उठाने के लिए आग्रह किया।