रायबरेली (21 फरवरी 25)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने और पूंजीपतियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि नफरत में डूबा देश कभी तरक्की नहीं कर सकता।
गांधी ने लोगों से नफरत को स्वीकार न करने का आग्रह करते हुए जोर देकर कहा कि भारत 'हमेशा प्रेम का देश था और रहेगा'। गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए बछरावां में पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं से बातचीत की। इसके बाद वह ऊंचाहार के जगतपुर गए, जहां उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के नायक राणा बेनी माधव सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। कांग्रेस सांसद ने एक कार्यक्रम में मीडिया पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, 'मुझे कहना होगा कि वे (मीडिया) हमारे मित्र हैं, लेकिन वास्तव में वे मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी), अडानी और अंबानी के मित्र हैं।'
गांधी ने कहा, 'ऐसा इसलिए है क्योंकि वे जनता के बारे में बात नहीं करते। क्या आपने टीवी पर किसानों, मजदूरों या महंगाई के बारे में कोई खबर देखी है? वे आपको अंबानी और अडानी की शादियां, डांस शो और 15 करोड़ रुपये की घड़ियां दिखाएंगे।' उन्होंने कहा, 'उनका (मीडिया) का काम सरकार पर दबाव बनाना है। अगर सरकार कुछ गलत करती है, तो वे उसे जवाबदेह ठहराते हैं लेकिन वे (मीडिया) अब अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं।' वर्ष 1857 के विद्रोह में राणा बेनी माधव सिंह और बीरा पासी के योगदान को याद करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारत की आजादी के लिए लड़ने वाले सभी महापुरुषों ने 'संविधान के लिए लड़ाई लड़ी और अगर देश में गरीब, मजदूर व किसान आज आवाज उठा रहे हैं तो यह संविधान की वजह से है।' उन्होंने कहा, 'यह संविधान भारत की आवाज है। गांधी, आंबेडकर और नेहरू ने यह संविधान दिया। उन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी और जेल गए। उनसे पहले राणा बेनी माधव सिंह और बीरा पासी ने लड़ाई लड़ी। वे सभी संविधान के लिए लड़े।'