नईदिल्ली (09 जनवरी 25)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में दिल्ली के केवेंटर्स स्टोर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्टोर में मौजूद लोगों से बातचीत की और वहां के कर्मचारियों के साथ मिलकर कोल्ड कॉफी बनाई। केवेंटर्स के सह-संस्थापकों से उन्होंने उनके व्यवसाय की योजनाओं और चुनौतियों के बारे में भी चर्चा की।
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दौरे का एक वीडियो साझा किया। उन्होंने वीडियो में कहा, 'नई पीढ़ी और नए बाजार के लिए एक पुराना और प्रतिष्ठित ब्रांड कैसे बदल सकते हैं? केवेंटर्स के युवा संस्थापकों ने मुझे कुछ महत्वपूर्ण बातें बताई। केवेंटर्स जैसे व्यवसायों ने पीढ़ियों से हमारी आर्थिक वृद्धि को तेज़ किया है। हमें उनका समर्थन करने के लिए और अधिक प्रयास करना चाहिए।' स्टोर में उनके साथ मौजूद कर्मचारियों ने जब पूछा कि क्या वह कोल्ड कॉफी बनाने की प्रक्रिया देखना चाहते हैं, तो गांधी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'नहीं, मैं इसे खुद बनाऊँगा।' इसके बाद राहुल गांधी को दूध, आइसक्रीम और मिक्सर का इस्तेमाल करते हुए केवेंटर्स की सिग्नेचर बोतल में कोल्ड कॉफी बनाते हुए देखा गया। इसके बाद, एक सह-संस्थापक ने राहुल गांधी से उनके निवेश योजनाओं के बारे में पूछा। गांधी ने हंसते हुए कहा, 'मैं केवेंटर्स को देख रहा हूं और निवेश का फैसला करने की कोशिश कर रहा हूं।'
वीडियो में गांधी को स्टोर में आए ग्राहकों से भी बात करते हुए दिखाया गया। एक बुजुर्ग महिला ने गांधी से कहा कि वह उसी बिल्डिंग में रहती हैं और उन्हें अपने घर आने का निमंत्रण दिया। गांधी ने महिला को आश्वस्त करते हुए कहा, 'मैं दो मिनट के लिए आ जाऊँगा।' राहुल गांधी उनसे मिलने उनके घर जाते हैं। लेकिन महिला को पता चलता है कि उसके पास घर की चाबी नहीं है। वह किसी चाबी लेने भेजती है, लेकिन चाबी नहीं आ पाती है। तब राहुल गांधी वहीं खड़े उनसे बातचीत करते हैं और लौट जाते हैं।