Monday, 28 Sep 2026

राहुल गांधी ने रायबरेली से नामांकन दाखिल किया

रायबरेली (03 मई 24)। रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी ने अपना नामांकन दाखिल किया। वे अपनी मां सोनिया गांधी तथा बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ शुक्रवार को यहां पहुंचे थे। राहुल यहां स्थित फुरसतगंज हवाईअड्डे पर अपनी मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी वाद्रा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य लोगों के साथ विमान से उतरे। इसके बाद जिलाधीश कार्यालय जाकर अपना नामांकन किया। 

कांग्रेस ने कई दिनों की ऊहापोह को खत्म करते हुए आज सुबह घोषणा की कि राहुल गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, जो पहले उनकी मां सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र था। पार्टी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि गांधी परिवार के करीबी सहयोगी किशोरीलाल शर्मा को अमेठी लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है।

रायबरेली और अमेठी सीटों पर मतदान 20 मई को होगा। बताया जा रहा है कि शर्मा गांधी परिवार की अनुपस्थिति में इन दोनों प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों की देखभाल कर चुके हैं। सात चरण में हो रहे लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को जिन सीटों पर मतदान होगा, उनके लिए नामांकन दाखिल करने की आज आखिरी तारीख है। रायबरेली और अमेठी सीटों पर मतदान 20 मई को ही होगा। मतगणना चार जून को होगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!