नईदिल्ली (14 जून 26)। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को राहुल गांधी की आलोचना को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वामपंथी पार्टी अपनी राजनीतिक गिरावट और चुनावी पराजयों के लिए कांग्रेस नेता को जिम्मेदार ठहरा रही है। वेणुगोपाल ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी पर माकपा के हमले उसकी 'राजनीतिक असुरक्षा' और हालिया चुनावी हार के कारणों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने में उसकी विफलता को दर्शाते हैं।
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया, 'केरल में अपने निराशाजनक चुनावी प्रदर्शन के कारणों का विश्लेषण करने के बजाय माकपा राहुल गांधी को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है। यदि वह इसी रास्ते पर चलती रही तो पार्टी को और भी बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।' उन्होंने कहा कि माकपा की समस्याओं के लिए राहुल गांधी को दोष देना ऐसा है जैसे 'चेहरा खराब दिखने पर आईना तोड़ देना।' कांग्रेस नेता ने दावा किया कि केरल के बाहर संसद में माकपा का अस्तित्व काफी हद तक कांग्रेस और उसके सहयोगियों के समर्थन पर टिका हुआ है, इसलिए राहुल गांधी की उसकी आलोचना विडंबना है। उन्होंने माकपा पर यह आरोप भी लगाया कि वह 'आसानी से यह भूल रही है' कि उसके कुछ नेता केरल के बाहर कांग्रेस-नीत गठबंधन के समर्थन से चुनाव जीत चुके हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन का गठन कांग्रेस की पहल पर लोकतंत्र और संविधान को बचाने तथा भाजपा को राजनीतिक रूप से पराजित करने के उद्देश्य से किया गया था, जिसे उन्होंने 'भाजपा की निरंकुश प्रवृत्तियों' के खिलाफ एक प्रयास बताया।