हमीरपुर (26 मई 24)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें चरण में ही 310 पार कर गए हैं और अब छठे और सातवें चरण में 400 पार करना है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, 'पांचवें चरण का मतदान पूरा हो चुका है। आज छठे चरण का मतदान चल रहा है। पांचवें चरण में ही मोदी जी 310 पार कर गए हैं और अब मोदी जी दोबारा प्रधानमंत्री बनने के लिए छठी और सातवीं चरण में 400 पार करना होगा।'
उन्होंने कहा, 'हमारा स्कोर 400 के पार जा रहा है, लेकिन राहुल बाबा एक बार फिर 40 से नीचे आ रहे हैं। हमारे विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों को भी जिताएं और यहां भी बीजेपी की सरकार बनेगी।' शाह ने कहा, 'यदि आप दीपक लेकर भी खोजेंगे, तो भी आपको अनुराग ठाकुर जैसा सांसद नहीं मिलेगा। उन्होंने न केवल अपने क्षेत्र की चिंता की, बल्कि देश भर में युवाओं को भाजपा और उसकी विचारधारा के साथ एकजुट करने के लिए भी काम किया।'