भोपाल (13 मार्च 25)। रिन्युएवल एनर्जी से कुल बिजली खपत की आवश्यकता की 50 फीसदी को पूरा करने के लिये हम संकल्पबद्ध हैं। इस लक्ष्य को हम शीघ्र प्राप्त करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में प्रयास जारी हैं। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने जीआईएस-2025 के फीडर सोलेराइजेशन समिट को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मध्यप्रदेश के भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने एक सोलर वैन को सौर ऊर्जा के प्रचार-प्रसार के लिये रवाना किया। यह सोलर वैन पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और पीएम कुसुम योजना के तहत जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा है। ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश में रिन्युएवल एनर्जी के क्षेत्र में असीम संभावनाएँ हैं। उन्होंने निवेशकों से कहा कि प्रदेश में निवेश के लिये अनुकूल वातावरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेश के अनुकूल औद्योगिक नीतियों को लागू किया है। मंत्री शुक्ला ने कहा कि निवेशकों के लिये प्रदेश के दरवाजे हमेशा खुले हैं। निवेशक निश्चिंत होकर मध्यप्रदेश में निवेश करें। समिट की शुरूआत में मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर अमनवीर सिंह ने पीएम कुसुम योजना पर प्रेजेंटेशन दिया।