Sunday, 04 Oct 2026

रियाद में तेल कंपनियों पर हूतियों का हमला

रियाद (05 अक्टूबर 26)। यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकार के बीच लड़ाई तेज होने के बीच अब तनाव सऊदी राजधानी रियाद तक पहुंचने का दावा किया गया है। हूतियों ने रियाद में सऊदी तेल कंपनी अरामको के एक प्रतिष्ठान पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने का दावा किया है। हमले के बाद रियाद में अरामको के एक प्रतिष्ठान के पास आग और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। हालांकि, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों के रियाद को निशाना बनाने के दावे को 'भ्रामक' बताया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि संगठन ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के जरिए एक सैन्य अभियान चलाया, जिसका निशाना रियाद में अरामको का प्रतिष्ठान था।

याह्या सरी ने दावा किया कि हमले बिल्कुल सटीक थे और सीधे लक्ष्य पर किए गए। उनके अनुसार, हमले के बाद प्रतिष्ठान में आग लग गई। इसी दौरान रियाद में अरामको के एक प्रतिष्ठान के आसपास से आग और धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। हूतियों के दावे के कुछ घंटे बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने सऊदी मीडिया से बातचीत में कहा कि रियाद को निशाना बनाने संबंधी हूतियों के दावे भ्रामक हैं।  इससे हमले को लेकर दोनों पक्षों के दावों में सीधा विरोधाभास सामने आया है। एक तरफ हूती संगठन अरामको प्रतिष्ठान को निशाना बनाने और आग लगने की बात कह रहा है, जबकि सऊदी गठबंधन इसे गुमराह करने वाला दावा बता रहा है।

तनाव के बीच सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने रविवार तड़के हूती ठिकानों के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की जानकारी दी। गठबंधन के मुताबिक, तोर अल-बाहा मोर्चे और ताइज क्षेत्र में हूती लड़ाकों की मदद के लिए भेजे जा रहे सुदृढीकरण को निशाना बनाकर 97 सटीक सैन्य अभियान चलाए गए। इनमें लड़ाकू विमान, ड्रोन, तोपखाने, मिसाइल और निशानेबाजों का इस्तेमाल किया गया।  यमनी सरकार की सेना के प्रवक्ता कर्नल माजिद अब्दुल्ला अल-नजीली ने दावा किया कि इन हमलों में कम से कम 260 हूती लड़ाकों को निशाना बनाया गया और 44 सैन्य वाहनों को नष्ट या निष्क्रिय कर दिया गया।

हूतियों ने इससे पहले पिछले महीने लाल सागर के किनारे सऊदी अरब के यानबू बंदरगाह में स्थित अरामको प्रतिष्ठानों पर हमले का दावा किया था। उस समय सऊदी अरब ने कहा था कि उसने ताइफ और यानबू की ओर दागी गई छह बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक दिया। सऊदी अधिकारियों ने अरामको प्रतिष्ठानों को किसी नुकसान की जानकारी नहीं दी थी। इसी सप्ताह हूतियों पर सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना में एक बिजलीघर को निशाना बनाने का आरोप लगा था। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया था कि मंगलवार को हूतियों ने बिजली व्यवस्था से जुड़े प्रतिष्ठान पर हमला किया।मदीना में हुए कथित हमले और अब रियाद में अरामको प्रतिष्ठान को निशाना बनाने के दावे ने सऊदी अरब में सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है। हालांकि, दोनों घटनाओं को लेकर पक्षों के दावे अलग-अलग हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!