इंदौर (10 जुलाई 26)। रीवा से इंदौर आ रही जय अंबे ट्रैवल्स की यात्री बस गुरुवार को इंदौर जिले के शिप्रा के पास आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (एबी रोड) पर अचानक आग की चपेट में आ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चलते समय बस का टायर फट गया, जिसके बाद घर्षण से आग लग गई। चालक ने स्थिति भांपते हुए बस तुरंत रोक दी, जिससे सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगते ही बस कुछ ही देर में धू-धू कर जलने लगी और दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा। घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। एहतियात के तौर पर पुलिस ने बस के आसपास का क्षेत्र खाली कराया और आग की दिशा वाले हिस्से में यातायात रोक दिया, ताकि डीजल टैंक फटने जैसी किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि हादसा शिप्रा थाने के पास हुआ। जय अंबे ट्रेवल्स की बस रीवा से इंदौर आ रही थी। आग सूचना मिलते ही शिप्रा पुलिस, देवास और इंदौर से दमकल वाहन तथा 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हालांकि, देवास से रवाना दमकल वाहन रसूलपुर क्षेत्र में निर्माण कार्य के कारण लगे जाम में फंस गया, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ। बाद में पहुंची दमकल टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस पूरी तरह जल गई है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है, हालांकि शुरूआती जांच में टायर फटने के बाद हुए घर्षण को आग की वजह माना जा रहा है।