देवास (16 अप्रैल 25)। लोगों की आस्था का केंद्र मानी जाने वाली माता टेकरी पर बीते दिनों आधी रात को हुए हंगामे और मंदिर के पट जबरन खुलवाने के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए इंदौर के विधायक राकेश शुक्ला 'गोलू' के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला समेत 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इधर, मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार शाम को विधायक पुत्र रुद्राक्ष कोतवाली थाने में पेश हुआ। इसके बाद माता टेकरी जाकर पुजारियों से भी माफी मांगी।
गौरतलब है कि गत शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात रुद्राक्ष शुक्ला अपने 20 से अधिक साथियों के साथ करीब 12:30 बजे माता चामुंडा देवी के दर्शन करने टेकरी पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान रुद्राक्ष और उनके साथियों ने पुजारी के बेटे पर मंदिर के पट खोलने का दबाव बनाया, जिससे कहासुनी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुजारी के बेटे की शिकायत पर शनिवार को पुलिस ने सबसे पहले देवास निवासी जीतू रघुवंशी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। जैसे-जैसे मामला तूल पकड़ता गया, पुलिस ने आगे की जांच में टेकरी पर लाल बत्ती और हूटर लगी कारों के काफिले के अवैध उपयोग को लेकर वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की। जांच के बाद रुद्राक्ष शुक्ला समेत इंदौर के अमन शुक्ला, हनी, सचिन, उज्जैन के लोकेश चंदवानी, मनीष तेजवानी, अनिरुद्धसिंह पंवार और देवास के प्रशांत व जीतू रघुवंशी के नाम एफआईआर में शामिल किए हैं। पुलिस के अनुसार, टेकरी पर पहुंचे कुल 7 वाहनों में से अब तक 4 कारें जब्त कर ली गई हैं। रुद्राक्ष शुक्ला की इंदौर पासिंग कार की जब्ती की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होने की संभावना है।