डबरा (29 नवंबर 24)। मध्यप्रदेश के डबरा शहर में करीब छह लाख रुपए की नकदी से भरा एटीएम चोरी हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि चोर पिछोर तिराहे पर लगे एसबीआई के एटीएम को तोड़कर उसमें से नोट निकालने में विफल रहे, जिसके बाद वे नकदी सहित एटीएम लेकर फरार हो गए। बुधवार रात को हुई चोरी का पता सुबह तब चला जब कुछ लोग एटीएम से पैसे निकालने गए। शहर के पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह जादौन ने कहा, 'हम अपराधियों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।' पिछोर तिराहे पर पहले भी एटीएम चोरी की घटना हो चुकी है, जिसमें लगभग 23 लाख रुपये की चोरी हुई थी। इस बार की घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को अब सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने के साथ-साथ निगरानी तंत्र को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।