कीव (14 जनवरी 26)। रूस ने चार दिनों में यूक्रेन पर दूसरा बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला करके उसके बिजली ग्रिड को एक बार फिर निशाना बनाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। युद्ध के चार साल पूरे होने वाले हैं और ऐसा लगता है कि अमेरिका के नेतृत्व वाले शांति प्रयासों को रूस नजरअंदाज कर रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि रूस ने रात भर में आठ क्षेत्रों पर लगभग 300 ड्रोन, 18 बैलिस्टिक मिसाइलों और सात क्रूज मिसाइलों से हमला किया।
जेलेंस्की ने कहा कि पूर्वोत्तर खार्किव क्षेत्र में एक हमले में एक डाक डिपो में चार लोगों की मौत हो गई और कीव क्षेत्र में कई लाख घरों में बिजली गुल हो गई थी। राजधानी में दिन का तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। सड़कें बर्फ से ढकी थीं और शहर जनरेटरों के शोर से गूंज रहा था। चार दिन पहले रूस ने रात भर चले एक बड़े हमले में सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलों से हमला किया था। इसके अलावा रूस ने लंबे समय से जारी युद्ध में केवल दूसरी बार एक शक्तिशाली नई हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल किया, जिसने पश्चिमी यूक्रेन को निशाना बनाया। यह कीव के नाटो सहयोगियों को एक स्पष्ट चेतावनी प्रतीत होती है कि रूस पीछे नहीं हटेगा। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र में रूसी हमले में 10 लोग घायल हुए हैं। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह किपर ने बताया कि ओडेसा शहर में हुए रूसी हमले में छह लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हमले में ऊर्जा अवसंरचना, एक अस्पताल, एक शैक्षणिक संस्थान और कई आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि रूसी वायुसेना ने रातभर में 11 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। बताया जाता है कि इनमें से सात ड्रोन रूस के रोस्तोव क्षेत्र में नष्ट किए गए, जहां गवर्नर यूरी स्लयूसर ने तटीय शहर तागानरोग पर हमले की पुष्टि की।