Wednesday, 30 Sep 2026

लंबे इंतजार के बाद टेस्ला भारत में लॉन्च को तैयार

मुंबई (21 जून 25)। भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दुनिया की अग्रणी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला इंक (Tesla Inc.) अगले महीने जुलाई 2025 से भारत में औपचारिक रूप से प्रवेश करने जा रही है। कंपनी मुंबई में अपना पहला शोरूम खोलने जा रही है, जिसके बाद नई दिल्ली में दूसरा शोरूम खोला जाएगा। यह जानकारी ऐसे समय में सामने आई है जब टेस्ला को यूरोप और चीन जैसे प्रमुख बाजारों में बिक्री में गिरावट का सामना करना पड़ रहा है।

टेस्ला की सबसे ज़्यादा बिकने वाली कार Model Y (रियर-व्हील ड्राइव SUV) का पहला बैच भारत पहुंच चुका है। ये वाहन चीन की गिगाफैक्ट्री से आयात किए गए हैं। कंपनी ने नीदरलैंड से सुपरचार्जर कंपोनेंट्स, एक्सेसरीज़, मर्चेंडाइज़ और स्पेयर पार्ट्स भी भारत भेजे हैं। शुरुआती तौर पर टेस्ला Model Y से भारतीय ग्राहकों के बीच दस्तक देगी। हालांकि अभी तक टेस्ला ने भारत में Model Y की कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन ग्लोबल मार्केट में इसकी कीमत लगभग $47,000 (₹39 लाख से ऊपर) है। भारत में आयात शुल्क और टैक्स को देखते हुए इसकी कीमत ₹50 लाख से अधिक हो सकती है।

हालांकि सरकार अगर सीकेडी (Completely Knocked Down) यूनिट्स को लेकर कर में राहत देती है, तो कीमत कुछ हद तक कम हो सकती है। एलन मस्क पहले ही कह चुके हैं कि यदि भारत सरकार स्थायी नीति और टैक्स में छूट देती है, तो वे स्थानीय असेंबली यूनिट या मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के लिए तैयार हैं। खबरें हैं कि महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु जैसे राज्य टेस्ला को प्लांट लगाने के लिए आमंत्रित कर चुके हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!