Tuesday, 29 Sep 2026

ललित व राजकुमार को उप्र में 1-1 करोड़ के साथ डिप्टी एसपी पोस्ट

गाजीपुर (17 अगस्त 24)। पेरिस ओलंपिक में इंडियन हॉकी का परचम लहराने वाले कांस्य पदक विजेता उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी ललितकुमार उपाध्याय और राजकुमार पाल को राज्य सरकार की ओर से एक-एक करोड़ रुपये की सहायता धनराशि दी जाएगी। साथ ही पेरिस ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये की सहायता धनराशि दी जाएगी। कार्यक्रम में पेरिस ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाली मेरठ की पारूल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, अनु रानी और प्राची सभी को आमंत्रित किया जाएगा और उन्हे सम्मानित किया जाएगा। उन्हे यह धनराशि उनके सम्मान में लखनऊ में आयोजित समारोह में दी जाएगी। 

यह घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजीपुर में आयोजित भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में की। सीएम योगी ने कहा कि इससे पहले राजधानी लखनऊ में टोक्यो ओलंपिक के विजेताओं और प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में मेघबरन स्टेडियम और स्व. तेज बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में खेल की दीक्षा लेकर 1980 के बाद फिर से भारतीय हॉकी का वैश्विक मंच पर परचम लहराने वाले हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय और राजकुमार पाल का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक में भारत ने 1 रजत और 5 कांस्य पदक जीते, जिसमें उत्तर प्रदेश के इन दो खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी के साथ प्रदेश के इन खिलाड़ियों ने दुनिया को बता दिया कि ओलंपिक में फिर से भारतीय हॉकी के दिन आने वाले हैं। इसकी शुरुआत इन्हाेंने कर दी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!