दमोह (04 अगस्त 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहनों के सशक्तिकरण के लिये सरकार संकल्पित होकर काम कर रही है। रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह और बंधुत्व का त्यौहार है। रोजगार के अवसरों में बहनों को प्राथमिकता दी जायेगी। आगामी 10 अगस्त को सभी लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1250 रूपये तथा रक्षाबंधन के उपहार के रूप में 250 रूपये अतिरिक्त दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज दमोह जिले के जबेरा में लाड़ली बहना उत्सव सह उपहार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबेरा को नगर परिषद बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और लाड़ली बहनों को उपहार दिये। इसके पूर्व रक्षाबंधन की थीम पर सावन उत्सव पर केन्द्रित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिसर में किये गये साज-सज्जा युक्त झूलों के पास जाकर लाड़ली बहनों को झूला झुलाया। लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को वृहद राखी भेंट की और राखी बांधी। बहनों ने मुख्यमंत्री को आभार पाती भेंट कर शुभकामनाएँ दी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि आज विपरीत परिस्थितियों के बाद भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव आप सबके बीच में आए हैं, हम उनका हृदय से धन्यवाद आभार व्यक्त करते हैं। संस्कृति, पर्यटन धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. यादव हम सभी के बीच में आये, हम जबेरा विधानसभा की धरती पर स्वागत और अभिनंदन करते हैं। पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने कहा कि कैन बेतवा लिंक परियोजना के माध्यम से हटा की व्यारमा नदी पर डेम बना दिया जाए। जिससे हटा शहर तथा संपूर्ण दमोह में पानी की समस्या खत्म होगी और पूरी जमीन सिंचित होगी। सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश के लिए एक शुभंकर सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने आते ही 29 लोकसभा सीटों में से 29 लोकसभा सीट जीती।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री उद्यम क्रान्ति योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। साथ ही बाल सखा सुदामा प्रसंग सुनाने वाली सीएम राइज स्कूल दमोह की छात्राओं को पुरूस्कृत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयंत कुमार मलैया, विधायक उमादेवी खटीक, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल सहित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।