टीकमगढ़ (10 अगस्त 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों के साथ लाड़ले भाइयों के लिए भी योजना बना रही है। इसमें प्रदेश में जिसके अंतर्गत स्थापित होने वाले उद्योगों में उन्हें रोजगार के अवसर मिलेंगे। मध्य प्रदेश में युवाओं की क्षमता और योग्यता में कमी नहीं है। उन्हें अवसर देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ 'एक पेड़ मां के नाम अभियान' में पुलिस परेड ग्राउंड पर कटहल का पौधा रोपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्यौहार की श्रेष्ठता इसी बात से समझी जा सकती है कि अतीत में बहनों के रक्षासूत्र ने बिगड़ते संबंधों की डोर संभाली और हथियार डलवा कर युद्धों को भी समाप्त करवा दिया। बहनों के सम्मान में आज पूरे प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्थानों पर रक्षाबंधन का कार्यक्रम मनाते हुए बहनों को उनके खातों में 1500 की राशि हस्तांतरित की जा रही है। भाई-बहन का त्यौहार सर्वोत्तम टीकमगढ़ में हम किसी बात की कमी नहीं होने देंगे। राज्य सरकार किसी भी योजना को बंद नहीं करेगी और लाड़ली बहनों के लिए लगातार कार्य करती रहेगी। आज एक करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों को 1250 रुपए प्रतिमाह मिलने के साथ 250 रुपए की उपहार राशि भी प्राप्त होगी। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया, अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता-राहुल सिंह, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को 3 करोड़ 36 लाख 60 हजार 262 रूपये एवं आजीविका मिशन में 184 स्व-सहायता समूहों को तीन करोड़ बारह लाख रूपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगवानी बुंदेलखंड के प्रसिद्ध मोनिया दोहों के साथ नृत्य की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुई। डॉ. यादव स्वयं भी मोनिया नृत्य में शामिल हुए।