काराकाट (30 मई 24)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को दावा किया कि मुफ्त राशन योजना के तहत लोगों को उनकी जरूरत से अधिक खाद्यान्न मिल रहा है और वे बचे हुए राशन को बाजार में बेच देते हैं। बिहार के काराकाट संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा के पक्ष में विक्रमगंज में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘जहां तक गरीबी का सवाल है, आज यदि पांच किलो मुफ्त राशन लोगों को मिल रहा है, आप ईमानदारी से बताइए....एक घर में चार लोग हैं तो चारों लोग पांच-पांच किलो (अनाज) लेते हैं। जब पूरा (अनाज) खा नहीं पाते तो कुछ ले जाकर बेच देते हैं।'
उन्होंने कहा, ‘हमें नहीं लगता कि हमने लोगों को शौचालय और पक्के मकान प्रदान करके कोई एहसान किया है, क्योंकि हम सेवा की भावना के साथ राजनीति करते हैं।' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘दुनिया के सभी देशों से सबसे कम महंगाई कहीं है तो वह भारत में है।' सिंह ने कहा, ‘महंगाई का जहां तक सवाल है तो भारत की खाद्य महंगाई सबसे कम 2.91 प्रतिशत है। अमेरिका में 7.7 प्रतिशत, फ्रांस में 19 प्रतिशत, ऑस्ट्रेलिया में 8.5 प्रतिशत, पाकिस्तान में 48 प्रतिशत, ब्रिटेन में 19 प्रतिशत, जर्मनी में 8 प्रतिशत, जापान में 8.5 प्रतिशत और श्रीलंका में 21 प्रतिशत महंगाई है।'