Friday, 09 Oct 2026

लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने घर और पार्टी छोड़ी

पटना (16 नवंबर 25)। बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद RJD के भीतर लंबे समय से अंदर रही नाराजगी अब खुलकर सामने आ चुकी है। चुनाव परिणामों के बाद पार्टी में मचा घमासान उस वक्त और गहरा गया, जब लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर राजनीति छोड़ने और परिवार से दूरी बनाने की घोषणा कर दी।

रोहिणी आचार्य ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि संजय यादव और रमीज़ ने उन्हें सभी गलतियों की जिम्मेदारी अपने सिर लेने के लिए कहा था। इसके साथ ही उन्होंने राजनीति से संन्यास और परिवार से नाता तोड़ने की बात लिखी। यह बयान सीधे तेजस्वी यादव के खास और पार्टी के प्रभावशाली नेता संजय यादव को विवाद के केंद्र में ले आया है। RJD के भीतर यह पहली बार नहीं है जब संजय यादव का नाम विवादों में आया हो। तेजप्रताप यादव पहले भी उन्हें आरजेडी से बेदखल किए जाने की वजह बता चुके हैं। कई मौकों पर तेजप्रताप ने उन्हें 'जयचंद' कहकर खुलकर नाराजगी भी जताई। अब रोहिणी आचार्य का इस तरह सामने आना लालू परिवार के भीतर बढ़ती दरार का संकेत माना जा रहा है। चुनावी पराजय के बाद पार्टी के भीतर वर्षों से चली आ रही खटास फिर उजागर हो गई है। अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि टिकट बंटवारे से लेकर रणनीति बनाने तक, हर स्तर पर संजय यादव की भूमिका को लेकर कई नेताओं में असंतोष था। चुनाव के समय कई वरिष्ठ नेताओं ने टिकट कटने और रणनीति विफल होने की वजह संजय यादव को बताया था। सियासी पंडित मान रहे हैं कि अगर यह विवाद जल्द शांत नहीं हुआ तो RJD को आने वाले समय में और अंदरूनी टूट का सामना करना पड़ सकता है। सार्वजनिक बयानबाजी और परिवार के सदस्यों के खुलकर सामने आने से पार्टी की छवि पर गहरा असर पड़ा है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पार्टी सुलह का रास्ता चुनती है या विवाद और गहराता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!