Wednesday, 30 Sep 2026

लाहौल-स्पीति में लैंडस्लाइड की चपेट में आया वाहन, 13 मरे

लाहौल-स्पीति (25 जुलाई 26)। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक भयानक हादसा सामने आया है। जिले के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक हुए भारी भूस्खलन की चपेट में एक सवारी गाड़ी (टाटा सूमो) आ गई। इस हादसे में 13 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग सुरक्षित बच निकलने में सफल रहे। ​​

प्राप्त जानकारी के अनुसार पांगी घाटी के रहने वाले ये यात्री एक सूमो वाहन (HP 01M- 2210) में सवार होकर उदयपुर से पांगी लौट रहे थे। वाहन को बीर सिंह नामक चालक चला रहा था। जैसे ही गाड़ी कडू नाला के समीप पहुंची तो अचानक पहाड़ी दरक गई और भारी मात्रा में मलबा व बड़ी-बड़ी चट्टानें सीधे वाहन पर आ गिरीं। हादसा इतना अचानक और भयानक था कि चंद सैकेंड में पूरी गाड़ी मलबे के नीचे दफन हो गई और यात्रियों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। जानकारी के मुताबिक उदयपुर-किलाड़ मार्ग गुरुवार को लैंडस्लाइड के कारण बंद हो गया था। इसी वजह से सूमो में सवार सभी यात्रियों को गुरुवार रात तिंदी में ही रुकना पड़ा था। शुक्रवार को जब सड़क पर यातायात बहाल हुआ तो चालक यात्रियों को लेकर पांगी के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में कडू नाला के पास वे इस खौफनाक हादसे का शिकार हो गए। लाहौल-स्पीति की एसपी शिवानी मेहला ने इस भीषण हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे शवों को बाहर निकाल लिया है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!