Tuesday, 29 Sep 2026

लीक हुआ अमेरिका का सैन्य प्लान !

वाशिंगटन (22 अप्रैल 25)। अमेरिका की हूती विद्रोहियों पर हमले की योजना एक बार फिर लीक हो गई है और इस बार उंगलियां सीधे ट्रंप कैबिनेट की ओर उठ रही हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के रक्षा मंत्री, पीट हेगसेथ पर यह आरोप है कि उन्होंने यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य हमले की संवेदनशील जानकारी Signal नामक मैसेजिंग ऐप पर लीक कर दी।

बताया जा रहा है कि हेगसेथ ने यह जानकारी एक निजी सिग्नल ग्रुप में साझा की थी, जिसमें उनकी पत्नी जेनिफर राउचेट हेगसेथ, भाई फिल हेगसेथ और निजी वकील टिम पार्लटोर सहित करीब एक दर्जन लोग शामिल थे। इस ग्रुप का नाम 'Defense Team Huddle' था और इसे हेगसेथ ने जनवरी 2025 में बनाया था। हैरानी की बात यह है कि इस ग्रुप के लिए उन्होंने सरकारी डिवाइस की बजाय अपना निजी फोन इस्तेमाल किया। यह मामला पहले भी तब सामने आया था जब मार्च में The Atlantic के संपादक जेफ्री गोल्डबर्ग को गलती से इस सिग्नल ग्रुप में जोड़ा गया था। उन्होंने बाद में बताया कि वह उस वक्त यह नहीं जानते थे कि वह ट्रंप के प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ एक सैन्य योजना पर चर्चा कर रहे थे। गोल्डबर्ग के अनुसार, उन्हें हूती विद्रोहियों पर हमले की जानकारी दो घंटे पहले मिल गई थी, जब रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इसे ग्रुप में साझा किया था।

ग्रुप में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री मार्को रुबियो, NSA माइक वॉल्ट्ज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। इस घटना पर ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और 'The Atlantic' पर तंज कसते हुए कहा कि 'मैं उस मैगजीन का फैन नहीं हूं।' यह पूरा मामला अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है, जहां सैन्य योजनाएं अब निजी चैट ग्रुप्स में लीक हो रही हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!