नईदिल्ली (12 जून 24)। सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को अगला सेना प्रमुख नियुक्त किया है। वह मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे की जगह लेंगे। बता दें कि जनरल मनोज पांडे को एक महीने का सेवा विस्तार मिला था। उनका कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा था लेकिन देश में आम चुनाव के बीच सरकार ने उन्हें एक महीने का एक्सटेंशन देने का निर्णय लिया। जनरल पांडे के सेवा विस्तार से करीब पांच दशक पहले 1970 के दशक की शुरूआत में इस तरह का पहला उदाहरण देखने को मिला था, जब तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार ने (तत्कालीन) थल सेना प्रमुख जनरल जी जी बेवूर के सेवा काल को एक साल के लिए बढ़ा दिया था। जनरल मनोज पांडे का कार्यकाल 30 जून कोे समाप्त हो रहा है। लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 जून को सेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे। वर्तमान में ‘वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ' के रूप में सेवा दे रहे लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, जनरल पांडे के बाद वरिष्ठतम अधिकारी हैं। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी के बाद वरिष्ठतम अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह हैं जो दक्षिणी थल सेना कमांडर हैं। दोनों ही सैन्य अधिकारी, लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी और लेफ्टिनेंट जनरल सिंह पाठ्यक्रम सहपाठी हैं। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी के पास चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर व्यापक अभियानगत अनुभव है। उन्होंने फरवरी में लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिंद्र कुमार की जगह ली थी और सेना के उप प्रमुख का प्रभार संभाला था।