Tuesday, 29 Sep 2026

लोकतंत्र और संविधान को मजबूत बनाने का प्रयास करेगी भाजपा

नईदिल्ली (05 जुलाई 24)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की कांग्रेस की कोशिश के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी लोकतंत्र और संविधान को मजबूत बनाने का प्रयास करेगी। गडकरी ने आपातकाल की भयावहता को याद करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय संविधान और लोकतंत्र का उल्लंघन करने वाली कांग्रेस ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में झूठ फैलाया कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है।

उन्होंने यहां भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने लोकतंत्र को खत्म करने और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश में तानाशाही व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया, उन्होंने ही भाजपा के बारे में गलत जानकारी फैलाई। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने आरोप लगाया, 'ऐसी कहावत है कि अगर आप किसी को मना नहीं सकते तो उन्हें भटका दीजिए। लोगों को यह कहकर भ्रमित करने की कोशिश की गई कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र विरोधी है और न्यायपालिका तथा मीडिया के अधिकारों को खत्म कर देगी।'

गडकरी ने कहा कि नयी पीढ़ी आपातकाल की उस भयावहता से परिचित नहीं है, जब व्यक्तियों के मौलिक अधिकारों को छीन लिया गया था और लोगों को बिना किसी कारण के बुरी तरह प्रताड़ित किया गया था। उन्होंने कहा, 'हमें अपना इतिहास नहीं भूलना चाहिए। हमें आपातकाल के दिनों को कभी नहीं भूलना चाहिए और संविधान में विश्वास रखते हुए हमेशा लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए। हमें अगली पीढ़ी को बताना होगा कि लोकतंत्र के हत्यारे कौन थे और किसने यह पाप किया।' केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'हमने अपने लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी है। जब तक हमारी पार्टी है, हम अपनी पूरी ताकत से लोकतंत्र और संविधान को बचाएंगे। यह संदेश हर जगह फैलाना होगा।' गडकरी ने कहा कि कांग्रेस ने वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देकर देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!