भोपाल (16 फरवरी 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम की परंपरा से जुड़ने वाले लोधा समाज ने अपने संस्कारों, परिश्रम और पराक्रम से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब-युवा-अन्नदाता और नारी के सशक्तिकरण अर्थात ज्ञान पर ध्यान के परिणाम स्वरूप सभी समाज, समर्थ और सक्षम हो रहे हैं और भारतीय संस्कृति एवं सनातन की ध्वजा सर्वत्र लहरा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर ही देश में पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ। लोधा समाज द्वारा प्रदेश की राजधानी में बनाया जा रहा सामाजिक भवन, मांगलिक कार्यक्रमों की आयोजन स्थली बनने के साथ ही समाज के युवाओं को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण आदि प्राप्त करने के लिए मूलभूत सुविधाएं प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक भवन के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की तथा कहा कि राज्य सरकार सामाजिक गतिविधयों के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और समाज के आराध्य लोधेश्वर भगवान के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक भवन के भूमि-पूजन अवसर पर प्रकाशित स्मारिका और 'किसान की गाथा' वार्षिक डायरी का विमोचन किया। साथ ही समाज के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को प्रशस्ति-पत्र भेंट किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया गया।