इंदौर (06 सितंबर 26)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेता और पुरुषार्थ संस्था के प्रमुख नानूराम कुमावत ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस से कार्यक्रम में छात्रों के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन कराने की मांग की। खास बात यह रही कि अपनी इस मांग को लेकर पत्रकारों के सवाल पर कुमावत खुद वंदे मातरम् गाने लगे, लेकिन कई जगह बोल और उच्चारण में अटक गए। वे पूरा वंदे मातरम् भी नहीं गा पाए।
कुमावत ने कहा कि कार्यक्रम में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाना चाहिए। यदि उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र भेजा गया है। राहुल गांधी को भी पत्र भेजा जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमावत की ओर से छात्रों से वंदे मातरम गवाने की मांग किए जाने के बाद पत्रकारों ने उनसे ही पूछ लिया कि क्या वे वंदे मातरम के सभी छह छंद सुना सकते हैं। इस पर उन्होंने बैठे-बैठे वंदे मातरम गाना शुरू किया। हालांकि, गाते समय वे कई जगह अटक गए और उच्चारण में भी परेशानी हुई। वे पूरा गान नहीं सुना सके। इसके बाद कुमावत ने स्वीकार किया कि उन्हें भी वंदे मातरम के सभी छह छंद याद नहीं हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने जीतू पटवारी को पत्र लिखकर मांग की है कि 19 सितंबर को होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम में छात्रों से सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन कराया जाए। राहुल गांधी को भी इस संबंध में पत्र भेजा जा रहा है। कुमावत ने कहा कि 10 सितंबर तक यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो 11 सितंबर को बैठक बुलाई जाएगी। इसमें आगे के विरोध प्रदर्शन की रणनीति तय की जाएगी।