नईदिल्ली (24 सितंबर 26)। भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के अमर गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन के अंतर्गत 25 सितम्बर 2026, शुक्रवार को प्रातः 11 बजे देश के 25,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक तथा समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक एक समय, एक स्वर और एक लय में सम्पूर्ण ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सामूहिक गायन तक सीमित न होकर नई पीढ़ी को ‘वन्दे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, उसके राष्ट्रीय महत्व और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायी विरासत से जोड़ना है।
‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से देश के विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक सहभागिता के केंद्रों को एक सूत्र में जोड़ते हुए राष्ट्रभाव, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, सांस्कृतिक एकात्मता और राष्ट्रीय चेतना को अभिव्यक्त किया जाएगा। विद्या भारती से जुड़े विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों के कार्यक्रमों में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय समाज के नागरिक भी सहभागी होंगे। विभिन्न स्थानों पर सामूहिक गायन के साथ वन्दे मातरम् की ऐतिहासिक यात्रा पर आधारित परिचर्चा, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विद्यार्थियों की सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद ‘वन्दे मातरम्’ को राष्ट्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक चेतना में विशिष्ट स्थान प्रदान किया गया। संविधान सभा में इसके सम्मान और राष्ट्रीय महत्व को स्वीकार किया गया तथा इसे राष्ट्रीय गीत का गौरव प्राप्त हुआ। आज ‘जन गण मन’ राष्ट्रीय गान और ‘वन्दे मातरम्’ राष्ट्रीय गीत के रूप में भारत की राष्ट्रीय पहचान के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। यद्यपि इसके 2 छंद ही स्वीकार किए गए थे, परन्तु इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर पूर्ण वन्दे मातरम् (6 छंद) को अपनाया गया है।
नमामि भारतम्’ का एक प्रमुख उद्देश्य यह है कि आज का विद्यार्थी ‘वन्दे मातरम्’ को केवल एक गीत के रूप में न जाने, बल्कि उसके पीछे निहित स्वतंत्रता, आत्मसम्मान, मातृभूमि-प्रेम, त्याग, एकता और राष्ट्रीय चेतना के इतिहास को भी समझे। विद्यालयों में इस अवसर पर विद्यार्थियों को ‘वन्दे मातरम्’ की रचना, स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका तथा राष्ट्रीय गीत के रूप में उसके महत्व से परिचित कराया जाएगा। इससे इतिहास के अध्ययन को वर्तमान पीढ़ी की राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।