वायनाड (05 नवंबर 24)। कांग्रेस महासचिव और वायनाड लोकसभा सीट से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस साल जुलाई में हुई भूस्खलन की घटना का राजनीतिकरण किया। इस प्राकृतिक आपदा में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य विस्थापित हुए थे। चुनाव प्रचार के दूसरे दिन की शुरुआत करते हुए उन्होंने सुल्तान बाथरी विधानसभा क्षेत्र के केनिचिरा में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘जिस आपदा से लोगों को भारी पीड़ा हुई, उसका भी भाजपा ने राजनीतिकरण कर दिया...हम एक ऐसी जगह पर खड़े हैं, जहां आपको अपने देश, अपनी जरूरतों और आप जिस तरह की राजनीति चाहते हैं, उसके बारे में सोचना चाहिए।'
भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि पूरे देश में नफरत फैला रही भाजपा की राजनीति की पहचान क्रोध, विभाजन और बर्बादी है। उन्होंने कहा कि लोगों के समक्ष खड़े वास्तविक मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है और उनकी समस्याएं अनसुलझी हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बेरोजगारी अब तक के उच्चतम स्तर पर है और कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिनके रुकने का कोई संकेत नहीं है। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘राजनीति इन मुद्दों को हल करने पर केंद्रित नहीं है। भाजपा की राजनीति का उद्देश्य पूरी तरह से आपका अपनी समस्याओं से ध्यान भटकाना है, क्योंकि इसका एकमात्र उद्देश्य सत्ता में बने रहना है, चाहे कोई भी कीमत चुकानी पड़े।' उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भूस्खलन से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आवश्यक सहायता राशि देने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। बाद में, कलपेट्टा विधानसभा क्षेत्र के व्यथिरी में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि वह वायनाड के लोगों के लिए लड़ेंगी, भले ही इसके लिए सड़कों पर उतरना पड़े, क्योंकि वह एक ‘दृढ़ योद्धा' हैं।