वाराणसी (26 मई 24)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद डिम्पल यादव ने शनिवार शाम रोड शो कर इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को जिताने की अपील की। गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राय भाजपा प्रत्याशी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सामना काशी में कर रहे हैं। इससे पहले 2019 के चुनाव में उन्हे यहां करारी हार का सामना करना पड़ा था।
रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ से कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ता और नेता काफी उत्साहित नजर आए। प्रियंका ने रोड शो के दौरान सभी का अभिवादन किया और अपने खास अंदाज से बनारस से अजय राय को जिताने की अपील की। डिंपल यादव ने भी रोड शो में सभी को अभिवादन किया और अपने विनम्र अंदाज से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी अजय राय को जिताने की अपील की। रोड शो की शुरूआत वाराणसी के प्राचीन आदि शक्ति मां दुर्गा के पवित्र मंदिर स्थल से हुई , जहां पहले से तैयार एक गाड़ी में प्रियंका गांधी और डिंपल यादव के साथ इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय सजे मंच पर चढ़े और सभी को अभिवादन कर रोड शो आगे बढ़ा। दोनों नेताओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और नौजवानों लोग अपने घरों की छत पर परिवार सहित खड़े नजर आए और जगह-जगह फूल ,माला लेकर बच्चे, बूढ़े ,महिलाएं ,जवान सभी प्रियंका गांधी और डिंपल यादव का स्वागत कर रहे थे।