Wednesday, 30 Sep 2026

विकसित भारत का रास्ता गांव से होकर जाता है: मुख्यमंत्री

सीहोर (09 अक्टूबर 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार गरीब और किसानों की सरकार है। यहाँ सभी को समान रूप से पात्रतानुसार सुविधाएं उपलब्ध है। गरीब एवं किसानों को प्राथमिकता से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। सड़क दुर्घटना में कोई गरीब भी घायल होता है तो उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकार हेलीकॉप्टर पहुंचाएगी। यदि मृत्यु हुई तो सरकार पार्थिव देह को उसके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को सीहोर जिले के भैरूंदा में ग्राम विकास सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री ने पीएमजीएसवाई-IV के अन्तर्गत 500 कि.मी. स्वीकृत सड़कों का शुभारंभ किया तथा स्व-सहायता समूहों के लिए 150 करोड़ रूपए के बैंक ऋण व सामुदायिक निवेश राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। साथ ही 8 प्र-संस्करण इकाइयों एवं 100 सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्रों का शुभारंभ भी किया। प्रदेश के 5 नए जिलों में आरसेटी प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की स्वीकृति भी दी गई। कार्यक्रम में सीहोर जिले के 52818 तेंदूपत्ता संग्रहकों को 2 करोड़ 70 लाख रूपये बोनस राशि का वितरण तथा मध्यप्रदेश सरकार की बाँस मिशन योजना में 215 बाँस हितग्राहियों को 2 लाख 90 हजार बाँस पौधों की अनुदान राशि एक करोड़ 4 लाख 27 हजार रूपये का वितरण भी किया गया।

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश में कृषि एवं ग्रामों के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तो भैरूंदा वालों की चांदी कर दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कहा कि 'मोहन तुम प्रदेश को प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ाते जाओ, प्रधानमंत्री मोदी का आशीर्वाद और मेरा साथ तुम्हारे साथ है।' क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर काम करेंगी। प्रदेश में और भी सीएम राइज स्कूल खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री पासवान के भैरूंदा पहुंचने पर रोड़-शो के दौरान नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर फूल मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने रोड़-शो के दौरान नागरिकों का अभिवादन किया। रोड़-शो के दौरान अतिथियों के स्वागत के लिए जगह-जगह मंच बनाए गए। घरों की बालकनियों से बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों द्वारा पुष्प वर्षा की गई। रोड-शो के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा अतिथियों को हल, साफा, मूर्ति सहित स्मृति चिन्ह भेंट किये गये।

Tags:

Follow us

This question is not available..!